लातेहार। 32वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, लातेहार ने नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत नौ सितंबर को लातेहार प्रखंड के तरवाडीह पंचायत के भोंकाखाड़ गांव के ग्रामीणों के लिए विशेष निःशुल्क मानव चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया. कमाडेंट राजेश सिंह के मागदर्शन में शिविर का आयोजन किया गया.उन्होने बताया कि हाल ही में उक्त गांव के एक युवती की बीमारी के कारण सदर अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी. इस घटना की सूचना प्राप्त होते ही 32वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए भोंकाखाड़ गांव के ग्रामीणों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष निःशुल्क मानव चिकित्सा शिविर आयोजित करने की पहल की गई. बल की चिकित्सीय टीम के संयुक्त समन्वय से उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, भोंकाखाड़ में निःशुल्क मानव चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया. दुर्गम एवं पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण चिकित्सीय टीम एवं वाहिनी के कार्मिकों को लगभग दो घंटे का कठिन एवं दुर्गम मार्ग तय कर शिविर स्थल तक पहुँचना पड़ा. शिविर में 32वीं वाहिनी के अधिकारी हिमांशु राठौर, उप-कमांडेंट, वाहिनी के चिकित्सीय सहायक उप-निरीक्षक मानस दास, सहायक उप-निरीक्षक -प्राणय ज्योति बोरी,लैब टेक्नीशियन,एवं सहायक उप-निरीक्षक,जितेश कुमार, फर्मासिस्ट तथा उनकी टीम और लातेहार सदर अस्पताल से डॉ. रामविलास ठाकुर, चिकित्सा पदाधिकारी, जेनी मोनिका तिर्की, सीएचओ., तरवाडीह, ऐली संजिता एक्का, ए.एन.एम., तरवाडीह, पप्पू कुमार, एम.टी.एस., दिलीप टोप्पो, एल.टी., आदर्श, एम.पी.डब्ल्यू., राधा देवी साहिका तथा सशस्त्र सीमा बल के कार्मिक एवं स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे. शिविर में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए कुल 76 मरीजों की चिकित्सीय जाँच की गई. इनमें 32 पुरुष, 26 महिलाएँ एवं 18 बच्चे शामिल थे. चिकित्सकीय जाँच के उपरांत मरीजों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयाँ उपलब्ध कराई गईं. इस चिकित्सा शिविर का मुख्य उद्देश्य नक्सल प्रभावित एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों में निवासरत ग्रामीणों को सुलभ, निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना था, जहाँ सामान्य परिस्थितियों में चिकित्सा सुविधाओं तक पहुँच कठिन रहती है. शिविर के माध्यम से ग्रामीणों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान कर प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया तथा आवश्यक दवाइयाँ निःशुल्क वितरित की गईं.