महुआडांड (लातेहार)। महुआडांड़ प्रखण्ड अंतर्गत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही सामाजिक संस्था सुकन्या सामाजिक जन सहयोग फाउंडेशन द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। संस्था की ट्रस्ट कमेटी ने महुआडांड प्रखंड के ग्राम परहाटोली निवासी मो. अफजल मियां पत्नी समरून बीबी की पुत्री चाहत परवीन के विवाह में आर्थिक सहयोग प्रदान किया। संस्था की ओर से तीन हजार रुपये का चेक पंचायत प्रभारी विभा गुप्ता तथा ग्रामीणों की उपस्थिति में कन्या के माता-पिता को सौंपा गया। इस सहयोग से परिजनों के चेहरे पर राहत और संतोष साफ झलकता नजर आया। ग्रामीणों ने संस्था के इस मानवीय कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस अवसर पर जिला प्रभारी फूलदेव कुमार एवं प्रखंड प्रभारी तरन्नुम खातून ने बताया कि वर्ष 2019 से संस्था जिले के विभिन्न गांवों एवं पंचायतों में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से स्वरोजगार से संबंधित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम चला रही है।संस्था का यह प्रयास समाज में सहयोग और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करता है।