लातेहार। मनिका विधायक रामचंद्र सिंह सोमवार को सदर अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढ़स बंधाया. उन्होने इसे बहुत ही दुखद घटना बताया. उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि इस विषम परिस्थिति में पूरा समाज उनके साथ खड़ा हैं. उन्होने हर प्रकार का सहयोग देने का आश्वासन दिया. विधायक ने कहा कि हत्याकांड में शामिल दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने बताया कि मामले को लेकर पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. उन्होने सदर अस्पताल प्रबंधक को शव के पोस्टमार्टम को ले कर भी आवश्यक दिशा निर्देश दिये. मौके पर विधायक प्रतिनिधि हरिशंकर यादव, कांग्रेस नेता आफताब आलम, अमीत कुमार यादव, उपेंद्र पासवान, गुर्जर उरांव, ज्योति प्रकाश दुबे, फूलचंद यादव, मनोज पासवान, सुनील प्रसाद, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश कुमार दुबे, पूर्व जिप सदस्य रामदेव सिंह, विधायक प्रतिनिधि पवन कुमार आदि मौजूद थे. बता दें कि रविवार की शाम सदर थाना क्षेत्र के परसही ग्राम के आशीष कुमार पासवान पिता श्याम किशोर पासवान गंभीर रूप से घायल अवस्था में पतकी जंगल के पास पाया गया था. उस पर जानलेवा हमला किया गया था और इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था. पुलिस ने घायल अवस्था में उसे सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया था. यहां प्राथमिक इलाज कर उसे रिम्स रेफर कर दिया गया था, लेकिन रिम्स ले जाते समय रास्ते मे ही उसकी मौत हो गयी थी. घटना की जानकारी मिलने पर राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम रविवार की शाम ही सदर अस्पताल पहुंच कर मृृृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली थी. उन्होने पुलिस से शीघ्र ही दोषियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई करने की बात कही थी.