लातेहार।नगर पंचायत क्षेत्र में लंबे समय से विद्युत पोल नहीं लगाए जाने के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इसे ले कर नगर पंचायत उपाध्यक्ष संतोष रंजन ने विद्युुत कार्यपालक अभियंता, लातेहार से पत्राचार किया है. उन्होने कहा क शहरी क्षेत्र के कई स्थानों पर बिजली के तार असुरक्षित स्थिति में हैं, जिससे आमलोगों, बच्चों एवं राहगीरों के साथ कभी भी गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है. उन्होने बताया कि शहर के कई मुहल्लों में जर्जर तथा अस्थायी व्यवस्था के तहत बांस या खूंटे के सहारे बिजली आपूर्ति की जा रही है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है. इस समस्या को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों के अलावा आम लोगों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से कई बार आवेदन एवं मौखिक शिकायत कर समस्या के समाधान की मांग कर चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गयी है. नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में भी विद्युत विभाग के अधिकारियों से समस्या दूर करने का आग्रह किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. विद्युत विभाग की उदासीनता को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द बिजली पोल लगाकर नियमित एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है.
बरसात के कारण स्थिति और भी गंभीर
आवेदन में कहा गया है कि हाल में हुई बरसात के कारण स्थिति और भी गंभीर हो गई है और कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है. उन्होने नगर पंचायत के सभी वार्डों का अपने स्तर से सर्वे कराकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए आवेदनों के अनुरूप स्थल की जांच करने तथा आवश्यक स्थानों पर विद्युत पोल लगाने की मांग की है. श्री रंजन ने जनहित एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थल का शीघ्र निरीक्षण कर आवश्यक संख्या में विद्युत पोल लगाने का अनुरोध किया गया है, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके और क्षेत्रवासियों को नियमित एवं सुरक्षित विद्युत सुविधा उपलब्ध हो सके.