लातेहार। जिले के चंदवा प्रखंड के टोरी रेलवे फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण की मांग को लेकर आजसू पार्टी एक बार फिर आंदोलन की तैयारी में है. आजसू पार्टी के लातेहार जिला अध्यक्ष अमीत पांडेय ने कहा कि पिछले 13 जुलाई को दिए गए धरना-प्रदर्शन के दौरान 45 दिनों के भीतर आरओबी निर्माण को लेकर ठोस निर्णय लेने का आश्वासन दिया गया था. निर्धारित समय बीत जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं होने पर आजसू पार्टी ने 28 अक्टूबर को टोरी रेलवे लाइन के पास मालगाड़ी का चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है. श्री पांडेय ने कहा कि टोरी रेलवे फाटक पर आरओबी निर्माण का मामला लंबे समय से उठाया जा रहा है. इसके बावजूद अब तक निर्माण की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि रेलवे फाटक बंद रहने और आरओबी नहीं होने के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनती है. इससे आम लोगों के साथ-साथ मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है. कई बार गंभीर मरीज जाम में फंस जाते हैं और समय पर इलाज नहीं मिलने से उनकी जान तक जाने की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. अमित पांडेय ने कहा कि आजसू पार्टी ने पहले भी प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के समक्ष आरओबी निर्माण की मांग रखी है. 13 जुलाई के आंदोलन के बाद 45 दिनों के भीतर ठोस निर्णय का आश्वासन मिला था, लेकिन समय सीमा पूरी होने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है. उन्होंने कहा कि अब पार्टी आरओबी निर्माण की मांग को लेकर चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेगी. उन्होंने बताया कि 28 अक्टूबर को टोरी रेलवे लाइन के पास मालगाड़ी का चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। आरओबी निर्माण की मांग पूरी होने तक पार्टी आंदोलन जारी रखेगी.