लातेहार। पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव लातेहार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर 19 अगस्त को चलाए गए वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नौ भैंसों से लदे एक ट्रक को जब्त किया है. इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वाहन जांच के क्रम में मनिका थाना क्षेत्र में डीसीएम मालवाहक ट्रक संख्या (JH05DE-4896) को पकड़ा गया. ट्रक में क्रूरता पूर्वक नौ भैंसों को लोड कर परिवहन किया जा रहा था. पुलिस ने ट्रक को जब्त करते हुए उसमें सवार दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में 26 वर्षीय सोनू कुमार , पिता बबन यादव, (अकड़ही टोला, आंगरा, थाना अगिआंव बाजार, जिला भोजपुर) तथा 26 वर्षीय विकास कुमार पिता रमेश यादव, (कडसर, थाना नावानगर, जिला बक्सर, बिहार) शामिल हैं. इस संबंध में मनिका थाना कांड संख्या 70/2026 दर्ज कर अन्य आरोपियों की तलाश शुरू की गई. कार्रवाई के क्रम में पुलिस ने तीसरे आरोपी 27 वर्षीय मुन्ना कुमार उर्फ मुन्ना यादव, पिता बिरेश यादव, निवासी रहरगोड़, थाना परसूडीह, जिला पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) को भी गिरफ्तार कर लिया गया. सभी गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इस कार्रवाई में मनिका थाना प्रभारी विकास कुमार उपाध्याय व सशस्त्र बल सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल थे.