लातेहार। कांग्रेस जिला कार्यालय में गुरुवार को भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई. कार्यक्रम की अध्यक्षता विशेष आमंत्रित सदस्य गुंजर उरांव ने की.इस दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने स्व. राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गुंजर उरांव ने कहा कि स्व. राजीव गांधी का जन्म 20 अगस्त 1944 को हुआ था. वर्ष 1984 में अपनी माता एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी के निधन के बाद वे देश के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री बने. उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने देश के आधुनिकीकरण, कंप्यूटर, सूचना प्रौद्योगिकी और दूरसंचार के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की. विधायक प्रतिनिधि हरिशंकर यादव ने कहा कि युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी बढ़ाने के लिए मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष की गई. शिक्षा के क्षेत्र में जवाहर नवोदय विद्यालयों की स्थापना तथा पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा. युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमीत यादव ने कहा कि स्व. राजीव गांधी का जीवन आधुनिक भारत के निर्माण, युवा शक्ति को आगे बढ़ाने तथा देश की एकता और सद्भावना को मजबूत करने के लिए समर्पित रहा. उनकी जयंती देशभर में ‘सद्भावना दिवस’ के रूप में मनाई जाती है. मौके पर जिला कार्यालय महासचिव फूलचंद यादव, जिला सचिव वाजिद अंसारी, हसमत अंसारी, सदर प्रखंड अध्यक्ष मोती उरांव, दानिश आलम, इमरान अंसारी, प्रमिला कुमारी, संजीदा खान, अक्षय कुमार, रंजन कुमार, राजीव कुमार, मनीष यादव, राहुल कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.