लातेहार। सदर प्रखंड के डेमू पंचायत में धरती आबा जन भागीदारी अभियान के तहत शिविर का आयोजन किया गया. इस शिविर का ग्रामीणों को काफी लाभ दिया गया. बता दें कि झारखंड में जनजातीय गौरव वर्ष के अवसर पर धरती आबा जन भागीदारी अभियान का 15 से 30 जून तक जोर-शोर से आयोजन किया जा रहा है. इसी कड़ी में लातेहार जिले के डेमू पंचायत में एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया. जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया. इस शिविर का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर पहुंचाना और जनजातीय समाज के लोगों को उनके अधिकारों और लाभों से अवगत कराना है. शिविर में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा मौके पर कई लाभुकों को योजनाओं का सीधा लाभ भी प्रदान किया गया. डेमू पंचायत के समाजसेवी गोपाल सिंह ने बताया कि यह योजना धरातल पर प्रभावी रूप से कार्य कर रही है और ग्रामीणों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रही है. उन्होंने यह भी कहा कि इस अभियान के माध्यम से लोगों में जागरूकता बढ़ रही है और वे अपने अधिकारों के प्रति सजग हो रहे हैं.
यह शिविर ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे जनजातीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित हो रही है और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंच रहा है.