लातेहार। सदर थाना के आरागुंडी गांव में सर्वे करने पहुंची टीम को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया. यह सर्वे टीम डीवीसी तुबेद कोल खान से कोयला परिवहन के लिए प्रस्तावित रेलवे लाईन के लिए सर्वे करने गांव पहुंची थी. जैसे ही इस बात की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो वे मौके पर पहुंच गये और सर्वे कार्य का विरोध शुरू कर दिया. ग्रामीणों ने सर्वे टीम के सदस्यों को तकरीबन एक घंटा तक बंधक बनाये रखा. इस बीच दो गुटों के बीच झड़प की भी घटना सामने आयी. जानकारी के अनुसार ग्रामीणों का एक समूह सर्वे का समर्थन कर रहा था तो दूसरा समूह सर्वे का विरोध कर रहा था. बताया जाता है कि तीखी बहस बाद में हिंसक झड़प में बदल गयी और दोनो गुट एक दूसरे से भीड़ गये. यहां तक कि लाठी व डंडा भी चले. इसमें ग्राम प्रधान पीतंबर यादव घायल हो गये. सर्वे कार्य का विरोध कर रहे ग्रामीण ने बताया कि बिना किसी अनुमति के ही सर्वे टीम गांंव में घुसी थी, जबकि गांव में पारंपरिक पड़हा राजा व्यवस्था लागू है. बिना ग्रामसभा के अनुमति के सर्वे का कार्य नहीं कराया जा सकता है. इसकी सूचना मिलने पर सदर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा के निर्देश पर पुलिस बल मौके पर पहुंची. पुलिस ने काफी प्रयास के बाद सर्वे टीम के सदस्यों को ग्रामीणों के चंगुल से मुक्त कराया. किसी भी अप्रिय घटना से निपटने लिए गांव में पुलिस बल की व्यापक तैनाती की गयी है.