झारखंड
वॉलीबॉल खिलाड़ी आभा का निधन, चार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लिया था भाग

लातेहार। डे बोर्डिंग बालिका वॉलीबॉल प्रशिक्षण केंद्र, लातेहार की प्रशिक्षु खिलाड़ी आभा कुमारी का आकस्मिक निधन, शुक्रवार को हो गया. उसे शुक्रवार की दोपहर सिर और पेट दर्द की शिकायत के बाद बेहोशी की हालत में लातेहार सदर अस्पताल लाया गया था. यहां चिकित्सकों ने जांचोपरांत उसे मृत घोषित किया. आभा कुमारी (14 ) खेलो इंडिया यूथ गेम नेशनल एवं राष्ट्रीय सब-जूनियर वॉलीबॉल चैंपियनशिप समेत चार राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व किया था. सूचना के मिलने के बाद जिला खेल पदाधिकारी अविनेश कुमार त्रिपाठी, खेल समन्वयक लखेश्वर मंडल, वालीबॉल एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष पंकज तिवारी, सचिव प्रवीण मिश्रा, कोषाध्यक्ष नीरज कुमार समेत कई पदाधिकारी और खिलाड़ी अस्पताल पहुंचे और परिजनों को इस दुख की घड़ी में ढांढ़स बंधाया. उन्होने आभा की मौत पर गहरा दुख प्रकट किया और कहा कि जिले ने आज एक प्रतिभावान खिलाड़ी खो दिया.



