लातेहार। पीटीआर के बेतला नेशनल पार्क में एक बाघ के देखे जाने का दावा सैलानियों ने किया है. दरअसल सोमवार की सुबह-सुबह लातेहार टूरिज्म (रजि) से टूर पैकेज ले कर आये पर्यटकों ने बेतला नेशनल पार्क में सफारी के दौरान बाघ देखे जाने का दावा किया.
उन्होने उसका वीडीओ भी बनाया है. सैलानियों ने बताया कि वे सोमवार की सुबह पार्क में घुमने के लिए गये थे. इसी दौरान एक इलाके में झाडि़यों के बीच एक बाघ को धूप सेंकते देखा गया. बाघ को नजदीक से देख कर वे सिहर उठे. सफारी में निकले बच्चे, महिलायें और पुरूष इतने नजदीक से बाघ को देख कर रोमांच से भर उठे. उन्होने कहा कि उनकी बेतला की यह टूर सार्थक हो गयी. वन विभाग के अधिकारियों को भी इसकी सूचना दी गयी है. वन विभाग अपनी कार्रवाई में जुट गया है. बता कि बेतला में बाघ होने का दावा तो पहले से ही किया जा रहा है. पिछले साल भी जनवरी के माह में कोलकाता के सैलानियों ने बाघ देखने का दावा किया था और उसका वीडिओ सार्वजनिक किया था. पिछले दो तीन सालों में पीटीआर क्षेत्र में कम से कम तीन से चार बाघ होने का दावा किया गया है.