भारी बारिश की संभावना को देखते हुए जिले के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में पठन-पाठन स्थगित
लातेहार। मौसम विभाग द्वारा जिले में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने 26 सितंबर 2026 को जिले के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में केजी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए पठन-पाठन स्थगित रखने का निर्णय लिया है। उपायुक्त संदीप कुमार ने बताया कि संभावित भारी बारिश एवं प्रतिकूल मौसम को देखते हुए यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से लिया गया है। इसके तहत जिले के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में केजी से कक्षा 12वीं तक विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक गतिविधियां स्थगित रहेंगी। उपायुक्त ने बताया कि विद्यालयों में शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मी निर्धारित समय पर उपस्थित रहेंगे तथा विद्यालय से संबंधित आवश्यक कार्यों का निष्पादन करेंगे। विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और जारी निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उपायुक्त ने अभिभावकों से भी अपील की है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें तथा उन्हें अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने दें।