लातेहार। जिले के बरवाडीह थाना क्षेत्र के हड़पड़वा गांव एक जमीन विवाद का मामला प्रकाश में आया है. गांव के खाता संख्या 14, प्लॉट संख्या 113, 122 एवं 210 की कुल 70 डिसमिल जमीन पर दुकान निर्माण को लेकर विवाद अब गहराता जा रहा है. इसे ले कर पोलपोल ग्राम निवासी सूर्यदेव राम ने उपायुक्त लातेहार, पुलिस अधीक्षक लातेहार एवं बरवाडीह थाना को आवेदन सौंपा है. उन्होने गांव के कुछ लोगों पर जान से मारने की धमकी, मारपीट, गाली-गलौज तथा घर की महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है. सूर्यदेव राम ने अपने आवेदन में बताया है कि गत 22 सितंबर की सुबह करीब आठ बजे वह अपनी चहारदीवारी के अंदर दुकान निर्माण का कार्य करा रहे थे. उन्होने आरोप लगाया कि इसी दौरान गांव के बाबूलाल राम, अशोक राम, राजेश राम, राजेंद्र राम, पारस राम, ओमप्रकाश राम, अमन कुमार एवं पप्पू कुमार सहित अन्य लोग लाठी-डंडा, तलवार और गड़ासा लेकर वहां पहुंचे. आरोप है कि उक्त लोगों ने निर्माण कार्य बंद करने की धमकी देते हुए जान से मारने की धमकी दी और विरोध करने पर मारपीट करने के साथ घर की महिलाओं के साथ गाली-गलौज एवं अभद्र व्यवहार किया. उन्होने आरोप लगाया कि उमेश राम पूर्व में भी उसे मोबाइल पर धमका चुके हैं. उन्होंने आवेदन में दावा किया है कि विवादित जमीन उनके दादा नान्हु राम के नाम की खतियानी जमीन है तथा इस मामले में एसडीओ कोर्ट, जिला न्यायालय और हाईकोर्ट से डिक्री प्राप्त है. उन्होंने पुलिस-प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने, जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दुकान निर्माण के दौरान सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है. हालांकि इस मामले में दूसरे पक्ष का पक्ष सामने नहीं आया है.