लातेहार। नगर पंचायत के वार्ड संख्या एक एवं दो के लोगों के लिए उत्क्रमित उच्च विद्यालय, करकट में आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार कार्यक्रम के तहत सेवा का अधिकार सप्ताह के तहत आयोजित शिविर का रविवार को उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता द्वारा निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने शिविर की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन करते हुए आवेदन काउंटर, संबंधित विभागों के स्टॉल, शिविर में उपलब्ध विभिन्न सेवाओं, आवेदन की प्रक्रिया, आमजनों की सहभागिता एवं विधि-व्यवस्था का जायजा लिया.
https://driver.jugnoo.in/AH5JKGMmWXb
उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आने वाले लाभार्थियों की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए. उपायुक्त ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता को सरकारी सेवाएं उनके द्वार तक उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से प्रदान करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. शिविर में जाति, आवासीय एवं आय प्रमाण पत्र, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वास्थ्य बीमा, श्रम विभाग की योजनाओं सहित विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए. जिनमें से कई आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन भी किया गया. उपायुक्त ने लोगों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में अपने नजदीकी शिविर में उपस्थित होकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं. निरीक्षण के दौरान नगर प्रशासक, नगर पंचायत लातेहार राजीव रंजन, गोपनीय प्रभारी पदाधिकारी श्रेयांश, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.