लातेहार। उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने बरवाडीह अंचल में लंबे समय से लंबित पार्टीशन- म्यूटेशन मामलों को गंभीरता से लेते हुए बरवाडीह अंचल अधिकारी पर फाइन करने का निर्देश दिया है. गुरूवार को उपायुक्त श्री गुप्ता की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में राजस्व संग्रहण एवं राजस्व विभाग से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक की गयी. इस बैठक में समीक्षा के क्रम मे उपायुक्त ने उक्त निर्देश दिया. बैठक में उपायुक्त ने भू-लगान, निबंधन, दाखिल-खारीज, सक्सेसन म्यूटेशन, पार्टीशन म्यूटेशन, भूमि-सीमांकन की समीक्षा की. समीक्षा क्रम में सभी पदाधिकारियों को वित्तीय वर्ष के लिए निर्धारित लक्ष्य के शेष लक्ष्य को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने आपसी समन्वय स्थापित कर राजस्व संग्रह के शेष लक्ष्य को पूरा करने के निर्देश दिए. उन्होने राजस्व संग्रहण की धीमी गति वाले विभागों को सुधारात्मक प्रगति लाने व शेष लक्ष्य को ससमय पूरा करने के निर्देश दिया. बैठक में अपर समाहर्ता रामा रविदास, अनुमंडल पदाधिकारी अजय कुमार रजक, जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल के अलावा संबंधित पदाधिकारी व सभी अंचल अधिकारी उपस्थित थे.
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देशित किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी अपने दायित्वों का पालन नहीं करता है तो अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का ससमय प्रभावी समाधान हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए.