लातेहार, 4 अक्टूबर। मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को लेकर मारवाड़ी युवा मंच के जिला सचिव रितेश महलका ने रविवार को ब्लड बैंक पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान किया. उन्होंने जरूरतमंद मरीजों की सहायता के उद्देश्य से अपना रक्तदान किया और लोगों को भी इस नेक कार्य के लिए आगे आने की अपील की. रितेश महलका ने बताया कि यह उनका 37वां स्वैच्छिक रक्तदान है. उन्होंने कहा कि रक्तदान एक ऐसा पुण्य कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है. दुर्घटना, गंभीर बीमारी, प्रसव अथवा अन्य चिकित्सकीय परिस्थितियों में मरीजों को समय पर रक्त की आवश्यकता होती है. ऐसे समय में रक्तदाताओं द्वारा किया गया रक्तदान बेहद महत्वपूर्ण साबित होता है. उन्होंने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है. मानव रक्त केवल इंसान ही दूसरे इंसान को दे सकता है. इसलिए स्वस्थ और योग्य लोगों को समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए. रितेश महलका ने युवाओं से विशेष रूप से अपील करते हुए कहा कि रक्तदान को लेकर किसी प्रकार का भय या भ्रम नहीं रखना चाहिए. एक स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवन का आधार बन सकता है. उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को मानव सेवा के इस कार्य में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए. उन्होंने आम लोगों से अपील की कि जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए अधिक से अधिक संख्या में लोग स्वैच्छिक रक्तदान करें और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाएं. उन्होंने कहा कि नियमित रक्तदान से न केवल जरूरतमंदों की मदद होती है, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना भी मजबूत होती है.