लातेहार। जिले के रांची-चतरा मार्ग पर बालुमाथ के सरना भवन के पास एक रविवार की रात एक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गयी. घटना के बाद सोमवार की सुबह परिजन व ग्रामीणों ने बालुमाथ थाना के पास सड़क जाम कर दिया. इस दौरान सड़क के दोनो ओर वाहनों की कतार लग गयी. जानकारी के अनुसार चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के नवादा ग्राम निवासी पवन गंझू (20) पिता स्व सुबा गंझू अपने रिस्तेदारों के यहां किसी की शादी का कार्ड बांटने गया था. कार्ड बांटने के बाद वह अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान बालुमाथ सरना भवन के पास एक अज्ञात हाइवा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और वहां से फरार हो गया. मौके पर ही युवक की मौत हो गयी. सोमवार की सुबह आक्रोशित परिजन व ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया. समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था. बालुमाथ थाना पुलिस मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों से बात कर सड़क जाम हटाने का आग्रह किया. लेकिन ग्रामीण मुआवजा व नौकरी की मांग को ले सड़क पर ही बैठे हैं.