लातेहार
तंबाकू का सेवन न सिर्फ जानलेवा वरन परिवार को आर्थिक और मानसिक रूप से कमजोर बनाता है:पीडीजे

लातेहार। व्यवहार न्यायालय, लातेहार परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, तत्वावधान में तंबाकू निषेध जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. इस जागरूकता शिविर की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लातेहार के अध्यक्ष शेषनाथ सिंह ने की. इस अवसर पर उपस्थित न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों और विधिक स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए पीडीजे श्री सिंह ने कहा कि तंबाकू का सेवन न केवल स्वास्थ्य के लिए जानलेवा है, बल्कि यह पूरे परिवार को मानसिक और आर्थिक रूप से भी कमजोर बनाता है.
उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपने कार्यस्थल, घर और समाज को पूर्णतः तंबाकू-मुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं. जागरूकता शिविर के दौरान उपस्थित सभी लोगों को तंबाकू मुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई गई. पूरे जिले में जमीनी स्तर पर चलाया गया जागरूकता अभियान: प्राधिकार के इस अभियान को व्यापक रूप देने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सभी पैरा लीगल वॉलंटियर्स ने अपने-अपने चिन्हित क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर विशेष अभियान चलाया.
सभी पीएलवी ने लातेहार जिले के विभिन्न प्रखंड कार्यालय, स्थानीय थानों, सुदूर पंचायतों और गांवों में जागरूकता शिविरों का आयोजन किया. इन शिविरों के माध्यम से आम ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय पुलिसकर्मियों को तंबाकू के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा उन्हें जीवन भर तंबाकू उत्पादों से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया. कार्यक्रम में जिले के सभी न्यायिक पदाधिकारी, व्यवहार न्यायालय और जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कर्मचारी, पैरा लीगल वॉलंटियर्स आदि मौजूद थे. धन्यवाद ज्ञापन के साथ शिविर का समापन किया गया.



