लातेहार। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिला अध्यक्ष व अन्य प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई. उपायुक्त ने बताया कि 20 जून से मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम प्रारंभ होगा और यह सात अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ संपन्न होगा. इस अवधि में बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र उपलब्ध कराया जाएगा. इसमें मतदाताओं का पूर्व से अंकित विवरण रहेगा. मतदाताओं को अपने अद्यतन फोटोग्राफ चिपकाकर हस्ताक्षर अथवा अंगूठे का निशान लगाते हुए प्रपत्र बीएलओ को वापस करना होगा. बैठक में बताया गया कि जिन मतदाताओं द्वारा हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र बीएलओ को वापस कर दिया जाएगा, उनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में बना रहेगा, चाहे उनका मैपिंग कार्य पूर्ण हुआ हो अथवा नहीं. जिन मतदाताओं का मैपिंग कार्य नहीं हो पाया है, उन्हें निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी स्तर से नोटिस जारी किया जाएगा. ऐसे मतदाताओं को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों में से आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने होंगे, जिसके उपरांत उनका नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा. उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं द्वारा निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाएंगे अथवा गणना प्रपत्र वापस नहीं किया जाएगा, उनका नाम मतदाता सूची से विलोपित किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में बीएलओ. की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा सभी संबंधित पक्षों के सहयोग से कार्य को पारदर्शी एवं सफल बनाया जाएगा. बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन झामुमो के केंद्रीय सदस्य अरुण दुबे, भाजपा जिला अध्यक्ष बंसी यादव, कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष गुंजर उरांव, आजसू जिला अध्यक्ष अमित पांडेय, आम आदमी पार्टी के प्रमोद पांडेय,बसपा जिला अध्यक्ष मुंगेश्वर राम, सीपीआई के रशीद मियां आदि मौजूद थे.