लातेहार। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शहर के जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय (एसओई) परिसर में पौधारोपण किया गया. विद्यालय की प्राचार्य तृप्ति भारती के नेतृत्व में किए गए इस पौधारोपण कार्यक्रम में विद्यालय परिसर में फलदार पौधे लगाए गए. इस मौके पर प्राचार्य ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना बहुत ही जरूरी है. हम अपने घर एवं आसपास के क्षेत्रों में पौधारोपण कर पर्यावरण की रक्षा में मदद कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि सिर्फ पौधे लगाना ही नहीं बल्कि पौधों का संरक्षण करना भी आवश्यक है. श्रीमती भारती ने कहा कि आज ग्लोबल वार्मिंग से पूरा विश्व चिंतित है और यह असंतुलित पर्यावरण के कारण हो रहा है. उन्होंने कहा प्रकृति की रक्षा करना हम सबों की सामूहिक जिम्मेवारी है. कार्यक्रम के दौरान अमरुद, लीची, आम और नींबू के फलदार पौधों के अलावा गमलों में भी पौधे भी लगाए गए. मौके पर कई छात्र और छात्राएं मौजूद थे.