लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में कृषि, पशुपालन, गव्य विकास एवं मत्स्य विभाग से संबंधित योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक के दौरान विभिन्न योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई. कृषि विभाग की समीक्षा के क्रम में वर्षापात की स्थिति, बीज वितरण, बिरसा फसल विस्तार योजना वर्ष 2026-27 की प्रगति पर विशेष चर्चा की गई. इसके साथ ही राज्य योजना वर्ष 2025-26, फसल सुरक्षा कार्यक्रम, केंद्र प्रायोजित सॉइल हेल्थ एंड फर्टिलिटी योजना (ब्लॉकवार प्रगति सहित), राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के अंतर्गत विभिन्न घटकों की समीक्षा की गई. बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की प्रगति एवं किसान समृद्धि योजना 2026-27 की भी समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उपायुक्त ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध लक्ष्य प्राप्ति एवं लाभुकों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को कार्य में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने का निर्देश दिया. बैठक में पशुपालन एवं गव्य विकास विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा के क्रम में बकरा विकास योजना, सुअर विकास योजना, 400 बैकयार्ड कुक्कुटपालन योजना, ब्रायलर कुक्कुटपालन योजना, बत्तख चूजा वितरण योजना, भेड़ पालन योजना, जोड़ा बैल वितरण योजना, बकरा-बकरी पालन योजना एवं मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना की अद्यतन प्रगति की जानकारी ली गई। उन्होंने लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करते हुए पात्र लाभुकों को समय पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने पशुओं के नियमित टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान की प्रगति बढ़ाने तथा पशुपालकों के बीच अधिकाधिक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया. बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी नेहा निश्चा, जिला मत्स्य पदाधिकारी स्वर्णलता मधु लकड़ा, जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ सुषमा प्रधिया, जिला गव्य विकास पदाधिकारी हरि कृष्ण एवं संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.