लातेहार। स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 और राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वें स्मरणोत्सव एवं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 32 वीं वाहिनी के द्वारा 13 अगस्त को भव्य साइकिल, बाइक एवं तिरंगा पैदल रैली का आयोजन किया गया. रैली का नेतृत्व 32वीं वाहिनी के कमांडेंट राजेश सिंह ने किया. रैली का उद्देश्य आम नागरिकों एवं युवाओं में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना और स्वतंत्रता दिवस को उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाने के लिए जागरूक करना था. रैली में एसएसबी के अधिकारियों एवं जवानों के साथ शिक्षक, छात्र-छात्राएं, स्थानीय नागरिक एवं बच्चे उत्साहपूर्वक शामिल हुए. रैली के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक बैंड प्रदर्शन कर लोगों का मन मोह लिया. तिरंगे के साथ निकली रैली में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा. बल कर्मियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों की सामूहिक भागीदारी से रैली के माध्यम से राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति का संदेश पूरे मार्ग में प्रसारित हुआ. रैली का शुभारंभ 32वीं वाहिनी एसएसबी मुख्यालय, लातेहार से हुआ. इसके बाद रैली कारगिल पार्क एवं लातेहार बाजार होते हुए पुनः वाहिनी मुख्यालय पहुंची. यहां कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ. इस अवसर पर उप कमांडेंट सम्राट दिव्यजीत चंद्रजीत, उप कमांडेंट हिमांशु राठौर, उप कमांडेंट राजवीर सिंह यादव, सहायक कमांडेंट (संचार) डॉ. शक्तिवेल ए.आर., सहायक कमांडेंट (चिकित्सा अधिकारी) डॉ. आशीष कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं बलकर्मी मौजूद रहे. रैली के माध्यम से लोगों से आगामी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाने तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना प्रदर्शित करने की अपील की गई.