लातेहार। सदर प्रखंड के ग्राम बारियातु जागिर स्थित देवी मंडप में प्रभात पांडेय और राजेन्द्र प्रसाद के सानिध्य में पांच दिवसीय नि:शुल्क योग शिविर का शुभारंभ किया गया. शिविर 18 से 22 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह छह से आठ बजे तक चलेगा. मंगलवार को शिविर का शुभारंभ प्रभात पांडे ने दीप प्रज्वलित कर किया. हरिद्वार से पहुंचे योग प्रशिक्षक घनश्याम योगी ने विधिवत योगाभ्यास कराया. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन मंत्र, तीन बार ओंकार, गायत्री मंत्र, महामृत्युंजय मंत्र, स्वाध्याय एवं संकल्प मंत्रोच्चार से हुई। इसके बाद प्रतिभागियों को भस्त्रिका, कपालभाति, बाह्य प्राणायाम, अग्निसार, उज्जायी और अनुलोम-विलोम का अभ्यास कराया गया. इसके अलावा सिंहासन, तालिवादन और हास्यासन जैसी योग क्रियाएं भी कराई गईं. अंत में शांति पाठ के साथ पहले दिन के कार्यक्रम का समापन हुआ. शिविर में ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया. मौके पर विनोद कुमार, शुभम साउंडिक, मिठू पांडे, राजकुमार, शिवम तिवारी, उत्तम प्रजापति, योगेन्द्र सिंह, अंकित प्रसाद, छोटू तिवारी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.