लातेहार। जिला प्रशासन, लातेहार द्वारा आयोजित स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मंदिर, धर्मपुर पथ, लातेहार के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कला एवं रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. विद्यालय की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया. गुंजन कुमारी ने प्रथम स्थान, दर्शिका कुमारी (कक्षा 5) ने द्वितीय स्थान तथा नीति गुप्ता (कक्षा 10) ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया. विजेता विद्यार्थियों को जिला प्रशासन की ओर से पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया. विद्यालय प्रशासन द्वारा भी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया. विद्यालय के संरक्षक आचार्य विकास कुमार गुप्ता को भी विद्यालय द्वारा सम्मानित किया गया. यह सम्मान उनके समर्पण, मार्गदर्शन एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान का प्रतीक है. विद्यालय के प्रधानाचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी ने विद्यार्थियों एवं आचार्य को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनमें रचनात्मकता, आत्मविश्वास और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करते हैं. इस अवसर पर विद्यालय के सभी आचार्य उपस्थित रहे.