बरवाडीह ( लातेहार)। विगत कई दिनों से प्रखंड मुख्यालय समेंत ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं. नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है. क्षेत्र में कई लोगों के घर क्षतिग्रस्त हो गये हैं. विधायक रामचंद्र सिंह के निर्देश पर विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह पिंटू और विजय बहादुर सिंह ने क्षेत्र का दौरा कर क्षति का आकलन किया. उन्होने बताया कि विधायक श्री सिंह इस दिशा में काफी गंभीर है. उन्होने प्रशासन को इस बारिश में हुए क्षति का आकलन कर प्रावधानों के अनुसार मुआवजा देने व अन्य कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. उन्होने कहा कि बारिश के कारण किसानों का फसल भी बरबाद हो गया है. ऐसे में प्रशासन को संवेदनशील हो कर काम करने की दरकार है. विधायक प्रतिनिधि ने बताया कि लगातार बारिश से प्रखंड क्षेत्र के कई इलाकों में घरों को भी नुकसान पहुंचा है, जिससे प्रभावित परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.