लातेहर। जिले के कुटमू चौक (बरवाडीह) में स्थापित राजा मेदनी राय की प्रतिमा को अज्ञात असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया है. घटना सोमवार की रात्रि की है. मंगलवार की सुबह स्थानीय लोगों की नजर क्षतिग्रस्त प्रतिमा पर पड़ी तो उन्होंने उसकी जानकारी स्थानीय लोगों एवं पुलिस को दी. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की है. असामाजिक तत्वों ने प्रतिमा के चेहरे और हाथ के हिस्से को क्षतिग्रस्त कर दिया है. प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना से स्थानीय लोगों में खासी नाराजगी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थल पर स्थापित ऐतिहासिक एवं सम्मानित व्यक्तित्व की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाना गंभीर मामला है. उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. इधर प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले में मनिका विधायक रामचंद्र सिंह ने लिया संज्ञान लिया है. विधायक के निर्देश पर कांग्रेस नेता विजय बहादुर सिंह, विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह पिंटू सहित कई लोग पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. वहीं, थाना प्रभारी अनुराग कुमार ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. उन्होंने बताया कि मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है. एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ की जा रही है.दोषियों को सजा मिलेगी.