लातेहार। पीएमश्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, मनिका की 21 वर्षों की गौरवशाली यात्रा के उपलक्ष्य में 21वां वार्षिकोत्सव एवं पूर्ववर्ती छात्रा सम्मेलन का आयोजन दो अक्टूबर को किया जाएगा. कार्यक्रम को लेकर विद्यालय की ओर से अतिथियों, पूर्ववर्ती छात्राओं एवं अभिभावकों को सादर आमंत्रित किया गया है. विद्यालय की ओर से जारी आमंत्रण के अनुसार कार्यक्रम का आयोजन दो अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे पीएमश्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, मनिका, लातेहार में होगा. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना से होगी. इसके बाद विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जायेगा. सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विशिष्ट अतिथियों का सम्मान किया जाएगा. कार्यक्रम के दौरान पूर्ववर्ती छात्राओं के साथ संवाद, अनुभव साझा करने तथा प्रेरक उद्बोधन का भी आयोजन होगा. विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि पूर्ववर्ती छात्रा सम्मेलन का उद्देश्य विद्यालय की पुरानी छात्राओं को एक मंच पर लाकर उनके अनुभवों और उपलब्धियों को साझा करना तथा वर्तमान छात्राओं को प्रेरित करना है। कार्यक्रम को लेकर विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है. शिक्षिका-सह-वार्डन ने सभी अतिथियों एवं पूर्ववर्ती छात्राओं से कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है.