लातेहार। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा लातेहार के तत्वावधान में जाति आधारित जनगणना की मांग को लेकर रविवार को प्रमंडल स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम लातेहार शहर के न्यू पुलिस लाइन, स्टेशन रोड स्थित टाउन हॉल में होगा. इसकी जानकारी राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद ने दी. उन्होंने बताया कि प्रमंडल स्तरीय सम्मेलन में लातेहार, पलामू और गढ़वा जिले से ओबीसी समाज के लोग शामिल होंगे. सम्मेलन में जाति आधारित जनगणना सहित ओबीसी समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी. कार्यक्रम में मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष देवचरण दांगी शामिल होंगे. जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद ने जिले के ओबीसी समाज के लोगों से सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है.