लातेहार। पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर पांच अक्टूबर को जिले के चंदवा थाना परिसर मे एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी समेंत अन्य पुलिस अधिकारी, जन प्रतिनिधि व शहर के कई अन्य गणमान्य लोग शामिल थे. बैठक में त्योहार के दौरान क्षेत्र में सौहार्द, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष चर्चा की गई. बैठक में एसडीपीओ श्री गुप्ता ने पूजा समितियों और प्रबुद्ध नागरिकों से पंडालों में सभी जरूरी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की अपील की. उन्होने कहा कि पर्व के दौरान अशांति नहीं फैले इसके लिए पूर्व से ही तैयारी की जा रही है. असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा रही है. उन्होने सोशल मीडिया में भ्रामक खबर फैलाने वालो पर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही. आगे कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें. त्योहार के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुव्यवस्थित बनाने में आम जनता से सहयोग मांगा गया.