बालूमाथ (लातेहार)। राष्ट्रीय राजमार्ग-22 स्थित रेलवे ओवरब्रिज के समीप बालूमाथ के जोगियाडीह तालाब में एक व्यक्ति के डूबने से इलाके में हड़कंप मच गया. डूबे हुए व्यक्ति की पहचान बरण नायक के रूप में हुई है. वह बालूमाथ स्थित भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के गोदाम में मजदूरी का काम करता था. घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण अपने स्तर से तालाब में उसकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था. उसकी तलाश लगातार जारी है. घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला परिषद उपाध्यक्ष अनीता देवी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए लातेहार के उप विकास आयुक्त सैयद रियाज अहमद से दूरभाष पर बात की. उन्होंने डूबे हुए व्यक्ति की तलाश के लिए तत्काल आवश्यक व्यवस्था कराने और मामले का जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित करने का आग्रह किया. मामले को गंभीरता से लेते हुए डीडीसी ने बालूमाथ के प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमा उरांव को तुरंत घटनास्थल का निरीक्षण करने तथा आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया. निर्देश मिलने के बाद बीडीओ सोमा उरांव घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने खोजबीन में मदद के लिए लाइफ जैकेट और ट्यूब उपलब्ध कराए, ताकि तालाब में डूबे व्यक्ति की तलाश में जुटे लोगों को आवश्यक सहायता मिल सके. घटना के बाद तालाब के आसपास ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही. स्थानीय लोग अपने स्तर से बरण नायक को खोजने का प्रयास कर रहे हैं. हालांकि तालाब में डूबे व्यक्ति का पता नहीं चलने से परिजनों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है.फिलहाल बरण नायक की तलाश जारी है. अब सभी की निगाहें खोजबीन अभियान पर टिकी हैं.