लातेहार। शारदीय नवरात्र के मौके पर लातेहार के अधिवक्ता राजीव रंजन पांडेय और उनकी पत्नी ऋतु रानी जिला मुख्यालय के केशवर आहरा स्थित रोज बाल आश्रय गृह में बच्चों के साथ समय बिताया. इस मौक पर उन्होने बच्चों के बीच वस्त्र और मिठाइयां वितरित कीं. अधिवक्ता राजीव रंजन पांडेय ने कहा कि समाज के कमजोर वर्ग के बच्चों की देखभाल करना और उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है. ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में उत्साह बढ़ता है और उन्हें यह एहसास होता है कि समाज के लोग भी उनके साथ खड़े हैं. इससे बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद मिलती है. उन्होंने कहा कि शारदीय नवरात्र का पावन पर्व मनाया जा रहा है. इस अवसर पर लोग अपने बच्चों के लिए नए कपड़े खरीदते हैं. ऐसे में जरूरतमंद बच्चों को भी नए वस्त्र उपलब्ध कराना पुण्य का कार्य है, ताकि वे भी त्योहार की खुशियों में शामिल हो सकें. ऋतु रानी ने कहा कि जब हम सभी अपने परिवार के साथ त्योहार मनाते हैं, तो इन बच्चों का ख्याल रखना भी हमारा दायित्व है. उन्होंने समाज के समर्थ लोगों से आगे आकर जरूरतमंद बच्चों की मदद करने की अपील की. इस अवसर पर रविंद्र अग्रवाल, राधाकृष्ण कुमार और प्रशांत रंजन पांडेय सहित अन्य लोग उपस्थित थे.