लातेहार। विगत कुछ दिनों से लापता 20 वर्षीय सूरज कुमार को बरवाडीह थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश से सकुशल बरामद कर लिया. पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद युवक को उसके परिजनों को सुरक्षित सौंप दिया. जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम अहीरपुरवा निवासी परमेश्वर राम ने अपने 20 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार के लापता होने के संबंध में बरवाडीह थाना में लिखित आवेदन दिया था. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश में बरवाडीह थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित अनुसंधान शुरू किया. अनुसंधान के क्रम में पुलिस को युवक के उत्तर प्रदेश में होने की जानकारी मिली. इसके बाद बरवाडीह पुलिस ने उत्तर प्रदेश के दोघट थाना पुलिस के सहयोग से सूरज कुमार को सकुशल बरामद किया. बरामदगी के बाद युवक को बरवाडीह थाना लाया गया, जहां आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के उपरांत उसे उसके परिजनों को सही-सलामत सौंप दिया गया। युवक के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली.