स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की
लातेहार। शहर के शिवपुरी मोहल्ले में पीसीसी सड़क टूट जाने के कारण स्थानीय लोगों और इस मार्ग से आवागमन करने वाले राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. सड़क की स्थिति खराब होने से लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है. वहीं, रात के समय अंधेरे में दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है. स्थानीय लोगों के अनुसार, पूर्व वार्ड पार्षद के घर के पास पीसीसी सड़क टूट गई है. इसके कारण सड़क पर आवागमन बाधित हो रहा है. लोगों ने बताया कि रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण कई लोग दुर्घटनाग्रस्त भी हो चुके हैं. सड़क की जर्जर स्थिति के कारण राहगीरों को विशेष रूप से परेशानी उठानी पड़ रही है. स्थानीय लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर नगर पंचायत के संबंधित अधिकारियों को मौखिक और लिखित शिकायत भी की गई है, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. लोगों ने नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह और कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन से सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुचारू हो सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके.