लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में जिला समाज कल्याण विभाग, बाल कल्याण समिति एवं जिला बाल संरक्षण इकाई से संबंधित कार्यों की समीक्षात्मक बैठक का आयोजन समाहरणालय सभागार में किया गया. बैठक में मिशन वात्सल्य व जिला बाल संरक्षण इकाई के कार्यों की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने बच्चों के संरक्षण, पुनर्वास, स्पॉन्सरशिप, चाइल्ड हेल्पलाइन एवं संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. मानव तस्करी के तहत दर्ज हुए मामले एवं उनमें किए गए बच्चों के रेस्क्यू कार्य की जानकारी लेते हुए सक्रिय होकर कार्य करने को कहा गया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों व कर्मियों को जमीनी स्तर पर कार्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने विशेष परिस्थितियों में रह रहे किशोर-किशोरियों की सुरक्षा और उनके समग्र विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही. जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई. इस दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, पोषण कार्यक्रमों, किशोर स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण ट्रैकर, आंगनबाड़ी सेवाओं तथा बच्चों एवं महिलाओं के कल्याण से संबंधित विभिन्न योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली गई. बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों में सेविका-सहायिका के रिक्त पदों, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, विधवा पेंशन योजना, आंगनबाड़ी केंद्रों में आधारभूत संरचना एवं भवन निर्माण तथा एमटीसी (माल्न्यूट्रिशन ट्रीटमेंट सेंटर) केंद्रों के संचालन की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने, बच्चों एवं किशोरियों के पोषण और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने तथा टीकाकरण कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करने का निर्देश दिया. उन्होंने पोषण ट्रैकर पर सभी आवश्यक आंकड़ों की नियमित एवं ससमय प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि योजनाओं की प्रगति की प्रभावी निगरानी की जा सके. आंगनबाड़ी केंद्रों में आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता एवं भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया. बैठक में उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सविता कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी रीना कुमारी, बाल कल्याण समिति सदस्य, महिला पर्यवेक्षिका एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे.