लातेहार।नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 14 में पुराना शो रूम के समीप नाली का पानी सड़क पर बहने से स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. नाली का गंदा पानी सड़क पर जमा होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है. वहीं, आसपास के लोगों को दुर्गंध और गंदगी के कारण भी परेशानी हो रही है. स्थानीय लोगों ने बताया कि नाली की उचित सफाई एवं पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण नाली का पानी सड़क पर बह रहा है. सड़क पर पानी जमा रहने से पैदल चलने वाले लोगों के साथ-साथ दोपहिया और चारपहिया वाहनों के आवागमन में भी परेशानी होती है. लोगों का कहना है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है. वहीं, वार्ड क्षेत्र में कई स्ट्रीट लाइट के नहीं जलने से रात के समय लोगों की परेशानी और बढ़ गई है. अंधेरा रहने के कारण लोगों को सड़क पर आवागमन करने में दिक्कत होती है. स्थानीय लोगों ने बताया कि शाम के बाद सड़क के कई हिस्सों में पर्याप्त रोशनी नहीं रहने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. स्थानीय लोगों ने नाली की सफाई, सड़क पर बह रहे पानी की समस्या का स्थायी समाधान तथा खराब स्ट्रीट लाइट को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है.
लोगों के अनुसार इस संबंध में वार्ड पार्षद इंद्रदेव उरांव से भी शिकायत की गई है, लेकिन अब तक समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थल का निरीक्षण करा कर नाली की सफाई कराने और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र चालू कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके.