बालूमाथ (लातेहार)। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को बालूमाथ प्रखंड क्षेत्र में उत्साह के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. थाना परिसर सहित विभिन्न सरकारी संस्थानों और पंचायत भवनों में कार्यक्रम आयोजित कर संविधान दिवस मनाया गया. इस दौरान उपस्थित लोगों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया तथा संविधान के प्रति निष्ठा रखने और उसके मूल्यों एवं आदर्शों का पालन करने की शपथ ली. थाना परिसर में थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने संविधान दिवस के अवसर पर शपथ ग्रहण की. इस दौरान सभी ने संविधान में निहित लोकतांत्रिक मूल्यों, समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुता के सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुखिया नरेश लोहरा, ब्रह्मदेव राम सहित कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से इसके मूल्यों और आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की गई. इस अवसर पर लोगों ने कहा कि भारतीय संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है. इसके प्रति सम्मान और निष्ठा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है.