बालूमाथ (लातेहार)। बालूमाथ-रांची मुख्य पथ पर हेमपुर गांव के समीप गुरुवार को एक सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दो लोग घायल हो गए. हादसा उस समय हुआ जब तीखे मोड़ पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई. घायलों की पहचान हेमपुर गांव निवासी रूपलाल गंझू, पिता विष्णु गंझू तथा मोहन गंझू, पिता स्व. कालेन्द्र गंझू के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार दोनों मोटरसाइकिल से मकईयाटांड़ से अपने गांव हेमपुर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान हेमपुर के समीप तीखे मोड़ पर चालक ने मोटरसाइकिल से नियंत्रण खो दिया, जिससे बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को इलाज के लिए बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. जहां चिकित्सकों की देखरेख में दोनों का उपचार किया गया.