लातेहार। जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह में नामांकन हेतु जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 का आयोजन आगामी 28 नवंबर को किया जाएगा. परीक्षा का आयोजन पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 01:30 बजे तक निर्धारित है. परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं. जिले में परीक्षा के लिए कुल नौ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं: जहां कुल 2080 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे. परीक्षा केंद्रों में राजकीयकृत +2 उच्च विद्यालय, बरवाडीह, संत स्टेनिस कॉलेज, लातेहार, सरस्वती विद्या मंदिर, लातेहार, जकीयकृत +2 उच्च विद्यालय, बालूमाथ, राजकीयकृत +2 उच्च विद्यालय, चंदवा, उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालय, गारू, संत तरेसा बालिका उच्च विद्यालय, महुआडांड़; परियोजना +2 उच्च विद्यालय, बारियातू एवं उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालय, हेरहंज शामिल हैं. परीक्षा के निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर केंद्राधीक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है. परीक्षा केंद्रों पर स्टैटिक दंडाधिकारियों एवं पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री दिनांक 28 नवंबर को पूर्वाह्न 06:00 बजे भारतीय स्टेट बैंक, लातेहार से प्राप्त की जाएगी. इसके लिए भी आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है. जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा में शामिल होने वाले सभी परीक्षार्थियों से निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.