बालूमाथ (लातेहार)। बुधवार की रात अचानक मौसम के करवट बदल गया. तेज चली आंधी तूफान की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई. बालूमाथ प्रखंड के भगिया पंचायत अंतर्गत बरवाटोला गांव में आंधी तूफान से रामेश्वर गंझु के घर के ऊपर एक पेड़ गिर गया. जिसकी चपेट में आने से उनकी पत्नी सीमा देवी (25) की मौत हो गई. इस घटना में घर को भी भारी नुकसान पहुंचा है. घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक टीम घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू की है. बुधवार को अचानक आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई. रामेश्वर गंझु और उनके परिवार के लोग घर पर ही मौजूद थे. इसी दौरान अचानक एक पेड़ घर के ऊपर गिर गया, जिसके नीचे रामेश्वर गंझु की पत्नी सीमा देवी दब गई. काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. घर के बाहर खड़ी बाइक भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमा उरांव और अंचल अधिकारी बालेश्वर राम घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. अंचलाधिकारी बालेश्वर राम ने बताया कि मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाएगी. हालांकि तत्काल राहत के लिए मृतक के परिजनों को कुछ सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है. शेष राशि कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उपलब्ध कराई जाएगी. घटना की जानकारी मिलने के बाद सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण कुशवाहा गुरुवार को घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. उन्होंने घटना की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को भी दी और पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की मांग की. मौके पर मुखिया रोहनी देवी, मंटू मुंडा, जुगेश्वर टाना भगत, फलेन्दर गंझु, रमेश गंझु, कीमत गंझु, संतोष गंझु, बसदेव लोहार, पंटू महतो, सुरेंदर वर्मा समेत कई लोग मौजूद थे.