मॉडल डिग्री कॉलेज में शिक्षकों की नियुक्ति, छात्रावास में सुविधाएं बढ़ाने और विद्यार्थियों को बस किराए में 50% छूट देने की मांग
लातेहार। जिले की शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्र-छात्राओं की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर युवा आजसू व छात्र युवा आजसू ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा है. युवा आजसू के जिला प्रभारी मुकेश कुमार यादव के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में शिक्षा एवं छात्र हितों से संबंधित नौ सूत्री मांगों पर त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है. पन में कहा गया है कि जिले के छात्र-छात्राओं को आज भी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में पढ़ाई करने में परेशानी हो रही है. युवा आजसू ने गोवा स्थित मॉडल डिग्री कॉलेज में संचालित विभिन्न संकायों में शिक्षकों की नियुक्ति कर पठन-पाठन शुरू कराने तथा जिले के महाविद्यालयों और विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग की है. इसके अलावा जिले के सभी प्रखंडों में पुस्तकालय की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है. ज्ञापन के माध्यम से जिला मुख्यालय में संचालित छात्रावासों में नि:शुल्क भोजन, वार्डन, सुरक्षा गार्ड, सीसीटीवी कैमरा और शौचालय की समुचित व्यवस्था करने तथा स्नातक के विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों के लिए नया छात्रावास बनाने की मांग की गई है. जिले के प्रत्येक विद्यालय परिसर के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने, छुट्टी के समय पुलिस गश्ती की व्यवस्था करने और जर्जर विद्यालय भवनों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग भी उठाई गई है. युवा आजसू ने दूर-दराज से कॉलेज और स्कूल आने वाले छात्र-छात्राओं को बस किराए में 50 प्रतिशत छूट देने की पहल करने तथा जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में 75 प्रतिशत रोजगार दिलाना सुनिश्चित करने की मांग की है. इसके साथ ही सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों को कानून और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने का आग्रह किया गया है. इससे पहले आजसू ने शिक्षा सुधार आंदोलन यात्रा निकाली. इसका नेतृत्व जिला अध्यक्ष अमित पांडेय ने किया. उन्होने कहा कि छात्र-छात्राओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े इन मुद्दों पर गंभीरता से पहल होनी चाहिए, ताकि जिले के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं मिल सकें. मौके पर सुकेश यादव, लवकुश यादव, नीरज यादव, संजीव कुमार, उज्जवल गुप्ता, शंकर उरांव, विवेक कुमार दुबे, मनोज तिवारी, नारद कुमार, नागमणि यादव, पंकज प्रसाद, विजेंद्र कुमार, रंजन सिंह, विवेक कुमार,नवनीत पांडे, रवि कुमार, रितेश कुमार, अनमोल चौधरी, राहुल सिंह शामिल थे.