बालूमाथ (लातेहार)। झारखंड सरकार के पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री व चतरा लोकसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी केएन त्रिपाठी के नेतृत्व में पंचायत परामर्श यात्रा के दौरान बालूमाथ प्रखंड के मुरपा, मारांगलोइया, गणेशपुर एवं सेरेगाड़ा पंचायत का दौरा किया गया. इस दौरान पूर्व मंत्री ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना. यात्रा के दौरान विभिन्न पंचायतों में ग्रामीणों ने आवास, पेंशन, पुल निर्माण और जमीन से जुड़े कई गंभीर मुद्दे उठाए. मुरपा पंचायत में ग्रामीणों ने आवास एवं पेंशन की समस्या को प्रमुखता से रखा. ग्रामीणों ने बताया कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही है. वहीं मारांगलोइया पंचायत में ग्रामीणों ने बलबल नदी पर पुल निर्माण की मांग जोरदार तरीके से उठाई. ग्रामीणों का कहना था कि पुल नहीं होने के कारण क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. गणेशपुर पंचायत में जमीन से जुड़ी शिकायतें सबसे प्रमुख मुद्दा रहीं. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की जमीन को दूसरे जिले के व्यक्ति के नाम किए जाने से संबंधित मामला सामने आया है. इसको लेकर ग्रामीणों में अंचलाधिकारी के प्रति काफी आक्रोश देखने को मिला. ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा जमीन संबंधी रिकॉर्ड की जांच की मांग की. यात्रा के दौरान बालूमाथ में महिलाओं से भी संवाद किया गया. महिलाओं ने आवास एवं पेंशन सहित विभिन्न समस्याओं को पूर्व मंत्री के समक्ष रखा. इस दौरान सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने और कार्यालयों के चक्कर लगाने को लेकर ग्रामीणों में अधिकारियों के प्रति नाराजगी देखने को मिली. पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कहा कि पंचायत परामर्श यात्रा का उद्देश्य गांवों तक पहुंचकर जनता की वास्तविक समस्याओं को समझना है. ग्रामीणों द्वारा उठाए गए मुद्दों को उचित मंच तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी. इस दौरान कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मो आमिर हयात, पश्चिम मंडल अध्यक्ष कर्मदेव भगत, अबरार, विंदेश्वर राम, रियासत, सतीश यादव, परमेश्वर, अजय भगत, मंतोष राम, बारीक समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे.