लातेहार। नगर पंचायत लातेहार द्वारा आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार (टाउन हॉल), लातेहार में किया गया. कार्यक्रम में सरस्वती विद्या मंदिर, लातेहार के 40 प्रतिभागियों ने भाग लिया. संरक्षक आचार्य सुरेश कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में छात्र व छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया. कार्यक्रम में नगर क्षेत्र के तीन विद्यालयों के छात्र व छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया. चित्रकला प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मंदिर की कक्षा 10 सी की ज्योति कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. वहीं प्रश्नमंच प्रतियोगिता में कक्षा 10 की यशस्वी रंजना पांडेय ने प्रथम, पल्लवी कुमारी ने द्वितीय तथा प्रतीक गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया. प्रतियोगिताओं में विद्यालय के छात्र व छात्राओं की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय के अध्यक्ष ज्योति चौधरी, सचिव राजीव रंजन पांडेय, कोषाध्यक्ष नरेंद्र कुमार पांडेय एवं प्राचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी ने विजयी छात्र व छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों में सहभागिता से भैया-बहनों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास होता है.