लातेहार। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी संदीप कुमार की अध्यक्षता में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण का आयोजन किया गया. जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र से आए लोगों ने अपनी अपनी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा. जन शिकायत निवारण के दौरान उपायुक्त के समक्ष प्रखंड हेरहंज ,ग्राम सधाबार की निवासी प्रेमी अर्चना तिर्की ने जाति प्रमाण पत्र बनाने संबंधित आवेदन दिया. आवेदिका ने बताया कि जाति प्रमाण पत्र निर्गत नहीं होने के कारण उन्हें एडमिशन लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने उपायुक्त से जाति प्रमाण पत्र बनवाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया. उपायुक्त श्री कुमार ने आवेदन पर संज्ञान लेते हुए संबंधित पदाधिकारी को मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जन शिकायतों के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए तथा पात्र लाभुकों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय पर आवश्यक प्रमाण पत्र एवं सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं. आज के जन शिकायत निवारण में विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन आए. जन शिकायत में सभी शिकायतकर्ता की समस्याएँ को सुनने के पश्चात उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को अग्रसारित कर सभी आवेदनों का भौतिक सत्यापन करते हुए समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द करने का निर्देश दिया.