लातेहार। विश्व पोलियो दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लातेहार के सचिव शिवम चौरसिया के निर्देश पर प्रोजेक्ट हाई स्कूल, महुआडांड़ में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में पीएलवी इंद्रनाथ प्रसाद और विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक प्रवीण नगेशिया शामिल हुए. मौके पर पीएलवी इंद्रनाथ प्रसाद ने पोलियो से बचाव और बच्चों को समय पर पोलियो की खुराक पिलाने के महत्व की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होना जरूरी है. बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने के प्रति अभिभावकों को भी सजग रहना चाहिए.
वहीं, विद्यालय के प्राचार्य प्रवीण नगेशिया ने कहा कि पोलियो से मुक्ति के लिए हमें सामूहिक रूप से प्रयास करना होगा. इसके लिए लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक लेने से वंचित न रहे. उन्होंने कहा कि जागरूकता और टीकाकरण के माध्यम से पोलियो मुक्त समाज के लक्ष्य को मजबूत किया जा सकता है. कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में इस संदेश को फैलाने की अपील की गई.