लातेहार। एनएच-75 में सिकनी गांव के राज फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर शुक्रवार की देर शाम गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया है. बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने पेट्रोल पंप के कार्यालय को निशाना बनाकर गोली चलाई. कार्यालय में मौजूद कर्मी अभय यादव बाल-बाल बच गए. गोली कार्यालय का शीशा भेदते हुए दराज में जा घुसी. सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक मनोरंजन प्रसाद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कर्मियों से पूछताछ की। पुलिस ने पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है. पेट्रोल पंप संचालक लाल रंजन नाथ शाहदेव ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. पुलिस अपराधियों की पहचान और गोलीबारी के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है.