


बालूमाथ (लातेहार):- बालूमाथ थाना क्षेत्र के झाबर पंचायत अंतर्गत कोमर गांव के कुशी टोला पारनदी में हाथी के हमले से बचने के लिए ग्रामीण के द्वारा लगाई गई बाड़ जिसमें प्रवाहित बिजली करेंट की चपेट में आने से जंगली हाथी की मौत हो गई है. ज्ञात हो कि उसी टोले के बिफा उरांव के घर के एक हिस्से को जंगली हाथी ने मंगलवार की रात क्षतिग्रस्त कर दिया था. जंगली हाथी ने घर में रखे अनाज को भी खाकर चट कर दिया था. इस दौरान घर में सो रहे बिफ़ा उरांव अपनी पत्नी और बच्चे समेत किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे थे. इसके बाद हाथी ने घर के समीप लगी मक्का की फसल को भी रौंदकर बर्बाद कर दिया था. मंगलवार की रात हुई इस घटना से सशंकित निफा उरांव ने अपने व अपनी परिवार की सुरक्षा के लिए घर की तीन तरफ से बाड़बंदी की थी. जंगली हाथी की संभावित हमले से बचने के लिए उस बाड़ में बिजली करेंट प्रवाहित कर दी थी. जिससे विचरण करते हुए जंगली हाथी बिफ़ा उरांव के घर के समीप पहुंचा. विद्युत प्रवाहित बाड़ की चपेट में आने से जंगली हाथी की मौके पर ही मौत हो गई. सुबह होते ही यह खबर जंगल में आग की तरह फैल गई. बड़ी संख्या में लोग मृत जंगली हाथी को देखने पहुंच रहे हैं. ज्ञात हो कि बालूमाथ प्रखंड के अधिकतर क्षेत्र जंगली हाथियों के विचरण के लिए मुफीद जगह है, परन्तु वन विभाग द्वारा ठोस पहल के आभाव में जंगली हाथियों पर नियंत्रण नहीं है. लोग बेजुबान जंगली जानवर के करेंट से हुई मौत से भी मर्माहत हैं. ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित विभाग की लापरवाही का नतीजा है, कि ग्रामीण को अपनी जान की सुरक्षा में ऐसा कदम उठाना पड़ा. जिसका शिकार जंगली हाथी जैसे बेजुबान जानवर हुआ है.