लातेहार। जिले के मनिका थाना क्षेत्र के के बंदुआ ग्राम निवासी नागेंद्र यादव की मौत पेड़ से गिर जाने के कारण हो गयी. जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के बंदुआ गांव के तीनमोहान टोला निवासी नागेंद्र यादव (30) दैनिक कार्य के लिए दातून तोड़ने के लिए एक पेड़ पर चढ़ा था. लगातार हो रही बारिश के कारण नागेंद्र का पैर पेड़ से फिसल गया और वह जमीन पर गिर गया. परिजनों ने नागेंद्र यादव को घायल समझकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मनिका इलाज के लिए ले गये. यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद नागेंद्र यादव को मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने पर मनिका पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनिका पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया. नागेंद्र यादव के मौत के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.