लातेहार। गुरूवार की सुबह पुलिस ने जिले के छिपादोहर थाना क्षेत्र में केड़ ग्राम के औरंगा नदी के किनारे एक अज्ञात वृद्ध महिला का शव बरामद किया. फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो पायी थी. पुलिस शव की शिनाख्त का प्रयास कर रही है. लोगों से भी इस संबंध में अपील की गयी है. गुरूवार की सुबह जब महिला का शव मिला तो यह खबर आग की तरह फैल गयी.
Advertisement
मामले की जानकारी होने पर वहां लोगों की भीड़ जुट गयी. जानकारी के अनुसार गुरूवार की सुबह जब ग्रामीण नदी की ओर गये तो उन्होने शव को वहां देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलने पर छिपादोहर थाना प्रभारी मो यकीन अंसारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होने शव को बरामद किया. शव देखने से लगता है कि वह कई दिनों से पानी में पड़ा था. इस कारण शव पूरी तरह क्षत विक्षत हो गया था. शव से दुर्गंध आ रही थी. बरामद शव के हाथ और पैर में टैटू ( गोदना) का निशान बना हुआ है. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कारवाई में जुट गई है. थाना प्रभारी यकीन अंसारी ने शव की पहचान करने की अपील की है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदा महिला की भी सूचना एकत्रित कर रही है.