लातेहार
अतिक्रमण पर नगर पंचायत की कार्रवाई, वसूला गया जुर्माना

लातेहार। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और सड़कों पर आवागमन को सुगम करने के उद्देश्य से नगर पंचायत की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन के नेतृत्व में शहर के माको मोड़, जुबली चौक और मेन रोड क्षेत्र में अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया गया. अभियान के दौरान गृह निर्माण के लिए सड़कों के किनारे रखे गए बालू, छरी और ईंट को हटाने का निर्देश दिया गया और उनसे नियमानुसार जुर्माना भी वसूला गया. कार्रवाई के दौरान नगर पंचायत की टीम ने सड़क पर आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाली निर्माण सामग्री को हटाया.
कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन ने बताया कि नगर पंचायत की ओर से पहले ही माइकिंग के माध्यम से लोगों को 24 घंटे के अंदर सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था. इसके बावजूद कई लोगों ने सड़क किनारे रखी निर्माण सामग्री नहीं हटाई. निर्देश का अनुपालन नहीं किए जाने पर नगर पंचायत की टीम ने कार्रवाई करते हुए सामग्री को जब्त किया और जुर्माना वसूला.
उन्होंने बताया अभी त्यौहारों का मौसम आ रहा है. दुर्गा पूजा शुरू हो चुकी है, इसके बाद दीपावली और छठ पूजा है. ऐसे मे आम लोग और राहगिरों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए यह अभियान चलाया जा रहा है. उन्होने कहा कि शहर में सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सड़क किनारे बालू, छरी, ईंट सहित अन्य निर्माण सामग्री रखने से आम लोगों के आवागमन में परेशानी होती है और कई बार यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है. कार्यपालक पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई उपायुक्त के निर्देश के आलोक में की गई है और शहर को व्यवस्थित एवं अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा. आने वाले दिनों में शहर के अन्य प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर भी अतिक्रमण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.



