लातेहार। डीएवी पब्लिक स्कूल, लातेहार मे शनिवार को अर्धवार्षिक परीक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया. इस अवसर पर विद्यालय परिसर में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों से अभिभावकों को अवगत कराने के साथ-साथ विद्यालय एवं अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था. संगोष्ठी के दौरान अभिभावकों ने अपने बच्चों के परीक्षा परिणाम की जानकारी प्राप्त की तथा उनकी शैक्षणिक स्थिति को और बेहतर बनाने के लिए शिक्षकों से विचार-विमर्श किया. इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य घनश्याम कुमार सहाय ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए विद्यालय एवं अभिभावकों की संयुक्त भूमिका पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि बच्चों की सफलता के लिए नियमित अध्ययन, अनुशासन, समयबद्धता तथा अभिभावकों का निरंतर सहयोग अत्यंत आवश्यक है. परीक्षा प्रभारी राकेश रंजन तिवारी, नामांकन प्रभारी सूरज कुमार मिश्रा एवं शिक्षक प्रभारी प्रभात रंजन ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किए. उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति को निरंतर बेहतर बनाने, उनकी कमजोरियों को पहचानकर दूर करने तथा शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों के विकास पर बल दिया. संगोष्ठी के दौरान अभिभावकों की ओर से भी कई उपयोगी सुझाव प्राप्त किये गये. अभिभावकों ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था एवं विद्यार्थियों के विकास के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की.